दुनिया जानती है एन एस ए स्तर की बातचीत किस तरह पाक के अड़ियल रवैये के चलते रद्द हुई है लेकिन इन सबके बावजूद पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा | तमाम मंचों पर करारी मात खाकर अब पाक की बौखलाहट पूरी दुनिया के सामने ना केवल उजागर हो रही है बल्कि अन्तराष्ट्रीय मंचो पर भी उसकी कारिस्तानी पूरी दुनिया देख रही है | भारत के साथ सचिव स्तर की वार्ता रद्द हो जाने के बाद पाक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने डॉन में प्रकाशित अपने लेख में भारत को खूब खरी खोटी सुनाते हुए दोनों पक्षों के बीच रद्द हुई वार्ता के लिए भारत को जिम्मेदार बताया है | अजीज ने कड़े शब्दों में भारत को कहा है वह पाक को कम ना समझे क्युकि पाक भी परमाणु सम्पन्न देश है और वह अपनी हिफाजत करना खुद जानता है | अब इस तरह के संकेतों को अगर डिकोड किया जाए तो समझा जा सकता है यह कहने के पीछे अजीज की मंशा क्या रही होगी ? साफ़ है पाकिस्तान चक्रव्यूह में इस तरह उलझ गया है एक तरफ चुनी हुई सरकार है तो दूसरी तरफ सेना और आई एस आई और तीसरी तरफ अलगाववादी नेता जो अपने इशारों पर हिंदुस्तान पाकिस्तान को न केवल नचाते हैं बल्कि हर मामले में अपने को तीसरा पक्ष बनाये जाने का मर्सिया हर वक्त पढ़ते रहते हैं | अब ऐसे हालातों का सीधा प्रभाव भारत पाक संबंधो पर पड़ना लाजमी ही है | दुनिया अब पाक के चेहरे को सही से पहचान रही है | हर किसी को पता है भारत पाक की यह वार्ता पाक की जिद के चलते रद्द हुई है |
भारत शुरू से ही किसी तीसरे पक्ष को वार्ताकार बनाये जाने का विरोध कर रहा है जबकि पाकिस्तान हुर्रियत और अलगाववादी नेताओं के प्रभाव में ही हमेशा रहा है जिसका नतीजा एक बार फिर सबके सामने है | पाक के प्रधान मंत्री नवाज शरीफ ने भी अब कश्मीर मुद्दे को शामिल किये बिना भारत के साथ बातचीत को व्यर्थ बताया है | उन्होंने कहा है कश्मीरी नेता इस मसले का महत्वपूर्ण पक्ष है | उनके भविष्य को लेकर कोई फैसला उनकी राय और उनसे बातचीत के बिना हल नहीं किया जा सकता | शरीफ ने यह बातें अजीज और डोभाल के बीच होने वाली एन एस ए स्तर की बातचीत के रद्द होने के ठीक बाद कही हैं | वैसे इस मामले में पाक को भारत से सीख लेनी चाहिए | यह वार्ता रद्द होने के बाद भारत की पहली प्रतिक्रिया न केवल संयमित थी बल्कि उसने उन्ही बातों को दोहराया जो वह शुरुवात से कहता आया है | वह पाकिस्तान से यह कहता रहा है कि पाक कश्मीरी अलगाववादी नेताओं के साथ मुलाक़ात नहीं करे तो तब बातचीत ट्रैक पर आ सकती है लेकिन पाकिस्तान तो मानो अलगाववादी नेताओं की गोद में बैठकर खेल रहा है और ऐसे उलूल जुलूल बयान दे रहा है जिससे भारत पाक संबंधों में तनाव की छाया पड़ना तय माना जा सकता है |
साभार --- www.boltikalam.blogspot.com
No comments:
Post a Comment